बलिया : छत से घर में घुसे चोर, दुकान भी खंगाली—बांसडीह में एक ही रात दो वारदातों से दहशत
कस्बे के वार्ड न छ निवासी छात्रनेता आदर्श मिश्र ‘दीपू’ के घर में चोर छत के रास्ते घुस गए। घर के भीतर रखा एक ब्रीफकेस उठा ले गए, जिसमें कीमती कपड़े रखे हुए थे,साथ ही छात्र नेता की नानी का एक मोबाइल भी उठा ले गए। इसी दौरान आहट से घर में मौजूद बुजुर्ग महिला की नींद खुल गई। महिला के जागते ही चोरों को भनक लग गई और वे मेन गेट खोलकर मौके से फरार हो गए।
चोरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। उन्होंने छात्र नेता के घर से मात्र पचास मीटर दूर बांसडीह–मनियर मुख्य मार्ग पर स्थित संतोष शर्मा की फर्नीचर दुकान को भी निशाना बनाया। दुकान से रंदा मशीन, अन्य औजार और बक्से में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। बताया जा रहा है कि दुकान में सो रहे पीड़ित संतोष शर्मा के पिता रामचंद्र शर्मा उसी समय शौच के लिए बाहर निकले थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद चोरी किया गया पैसे का बॉक्स पास ही एक बांस के कोठ में बरामद हुआ। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि चोर जल्दबाजी में नकदी निकालकर बॉक्स वहीं फेंककर फरार हो गए।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और बारीकी से जांच-पड़ताल की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गश्त पर सवाल, जुए के अड्डे पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नगर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की गश्त केवल कोतवाली से डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा तक सीमित रह गई है, जिससे बाकी वार्ड असुरक्षित बने हुए हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड संख्या 11 में स्थित एक कुएं के पास खुलेआम जुए का अड्डा संचालित हो रहा है, जहां लाखों रुपये का सट्टा लगाया जा रहा है, लेकिन पुलिस कार्यवाही के बजाय मूकदर्शक बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
