बलिया: क्षेत्र में स्मार्ट मीटर तो लग गए, पर स्मार्ट व्यवस्था गायब; घंटों बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया: क्षेत्र में स्मार्ट मीटर तो लग गए, पर स्मार्ट व्यवस्था गायब; घंटों बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान

     


    बांसडीह, बलिया। नगर क्षेत्र में बिजली विभाग की अव्यवस्था के चलते उपभोक्ताओं को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बीते कई दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था में लगातार खामियां सामने आ रही हैं। एक ओर सरकार उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए प्रेरित कर रही है, वहीं दूसरी ओर विद्युत विभाग अब भी पुराने ढर्रे पर काम करता नजर आ रहा है।

    शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जानकारी करने पर पता चला कि किसी छोटे तकनीकी फाल्ट को ठीक करने का कार्य चल रहा है। हालांकि रात साढ़े दस बजे तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच नगरवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।


    स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में स्मार्ट बिजली व्यवस्था तो दूर, विभाग के पास प्रशिक्षित कर्मियों और त्वरित तकनीकी व्यवस्था का भी अभाव है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली आपूर्ति संचालन का कार्य संविदा कर्मियों  के भरोसे चलाया जा रहा है,जिनमें कई कर्मियों के पास पर्याप्त तकनीकी अनुभव नहीं है। यही कारण है कि मामूली फाल्ट भी घंटों तक ठीक नहीं हो पाता और पूरी नगर की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो जाती है।वही दूसरी तरफ विभाग के अधिकारी कर्मचारी अपने निवास स्थान से फोन द्वारा कर्मियों को निर्देशित कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर लेते है।

    लोगों का कहना है कि यदि विभाग के पास प्रशिक्षित लाइनमैन, आधुनिक उपकरण और जिम्मेदार निगरानी व्यवस्था होती तो छोटे फाल्ट के कारण घंटों तक बिजली बाधित नहीं रहती। नगर क्षेत्र में करीब तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से व्यापारियों, छात्रों और आम उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

    क्षेत्रीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने, प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती करने तथा लगातार बिगड़ रही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है।