बलिया : ‘चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि’ विषय पर कल होगी विचार गोष्ठी - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : ‘चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि’ विषय पर कल होगी विचार गोष्ठी




    बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चंद्रशेखर की पत्रकारिता, वैचारिक प्रतिबद्धता और सामाजिक मूल्यों पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी का आयोजन 28 मई को सुबह 11 बजे शहर के बापू भवन टाउन हॉल में किया जाएगा। गोष्ठी का विषय “चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि” रखा गया है।

    चंद्रशेखर जन्मशताब्दी समारोह आयोजन समिति, बलिया के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और समसामयिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, नैतिक मूल्यों में हो रही गिरावट, उसके कारणों तथा समाधान पर गंभीर विमर्श किया जाएगा।

    समिति के अनुसार स्व. चंद्रशेखर ने ‘यंग इंडियन’ पत्रिका के संपादक के रूप में देश-दुनिया के ज्वलंत मुद्दों पर अपने निर्भीक, स्पष्ट और वैचारिक संपादकीय लेखों के माध्यम से अलग पहचान बनाई थी। कार्यक्रम में उन्हें एक सशक्त पत्रकार, चिंतक और लेखक के रूप में याद किया जाएगा।

    विचार गोष्ठी में नई दिल्ली से वरिष्ठ पत्रकार अरविंद मोहन मिश्रा, लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह, महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के प्रो. कृपाशंकर चौबे, बीएचयू के डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा तथा वरिष्ठ पत्रकार धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव अपने विचार रखेंगे। वक्ता समकालीन सार्वजनिक जीवन में चंद्रशेखर की प्रासंगिकता और उनके विचारों की आवश्यकता पर प्रकाश डालेंगे।

    आयोजन समिति का कहना है कि चंद्रशेखर के विचार, संघर्ष और उनके द्वारा स्थापित सामाजिक मूल्यों से युवा पीढ़ी को नई प्रेरणा मिलेगी तथा सार्वजनिक जीवन को सकारात्मक दिशा प्राप्त होगी।