बलिया : डाकघर में मारपीट मामले का आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के डाकघर में हुई मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया व थानाध्यक्ष रेवती के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि 5 मई 2026 को डाकघर रेवती में कार्यरत अभिषेक कुमार सिन्हा निवासी नालंदा, बिहार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि डाकघर में कार्यरत एक महिला कर्मचारी से हुए विवाद के बाद उसके परिजनों ने डाकघर में घुसकर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना में वादी को गंभीर चोटें आई थीं। मामले में थाना रेवती पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में प्रकाश में आए आरोपी अभिषेक पाण्डेय पुत्र लालबाबू पाण्डेय निवासी छितरौली थाना बांसडीह को कुशहर रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी भी बरामद की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
