बलिया: जनपद के शीर्ष 10 जीएसटी करदाताओं में शामिल हुई 'ओम कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स',व्यापारी कल्याण दिवस पर मिला 'भामाशाह सम्मान'
- व्यापारी कल्याण दिवस पर 'भामाशाह सम्मान' से सम्मानित हुए फर्म संचालक जय कुमार सिंह 'पंकज'
बांसडीह (बलिया): राज्य कर विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा आयोजित व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर जनपद के शीर्ष 10 जीएसटी करदाताओं को सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित सूची में बांसडीह की ओम कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स का चयन होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। समारोह में फर्म के संचालक जय कुमार सिंह 'पंकज' को उत्कृष्ट कर अनुपालन और राजस्व योगदान के लिए 'भामाशाह सम्मान' एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
बलिया में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जय कुमार सिंह 'पंकज' को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान जीएसटी के नियमित, पारदर्शी एवं ईमानदार अनुपालन के साथ राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जय कुमार सिंह 'पंकज' ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी फर्म की नहीं, बल्कि उनके सहयोगियों, ग्राहकों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों के विश्वास व सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन, राज्य कर विभाग एवं परिवहन मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने की नई प्रेरणा देगा।
इस उपलब्धि पर बांसडीह व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय कुमार 'गुल्लर', नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, मनोज साहू, गोपाल जी गुप्ता, संजय कुमार गुप्ता, अनिल कुमार सोनी, दीपक ठाकुर सहित क्षेत्र के व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने जय कुमार सिंह 'पंकज' को बधाई देते हुए इसे पूरे जनपद और बांसडीह के लिए गौरव का क्षण बताया।

