बलिया : बांसडीह उपकोषागार से ढाई किलो का पीतल का ताला गायब, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
फोटो - प्रतीक चित्र
- सरकारी खजाने की सुरक्षा पर उठे सवाल, तहसीलदार की तहरीर पर जांच शुरू
बांसडीह (बलिया): तहसील परिसर स्थित उपकोषागार (ट्रेजरी) से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उपकोषागार के अति सुरक्षित माने जाने वाले लाकर रूम पर लगे दो तालों में से करीब ढाई किलो वजनी पीतल का एक ताला रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब उपकोषागार के प्रभारी असगर हुसैन ने अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया कि लाकर रूम पर लगे दो तालों में से एक ताला गायब है। कर्मचारियों द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई।
प्रभारी की रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार /उपकोषाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने बांसडीह कोतवाली में तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी खजाने की सुरक्षा से जुड़े अत्यंत संवेदनशील परिसर से ताला गायब होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ताला आखिर किन परिस्थितियों में गायब हुआ और इसके पीछे लापरवाही है या कोई अन्य कारण। प्रशासन भी पूरे मामले की गंभीरता से निगरानी कर रहा है।
