बलिया : हुसैनाबाद बना लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का चैंपियन, बलिया को 10 रन से हराकर जीता खिताब - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : हुसैनाबाद बना लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का चैंपियन, बलिया को 10 रन से हराकर जीता खिताब

     


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का रोमांचक फाइनल मुकाबला शुक्रवार देर रात हुसैनाबाद और बलिया की टीमों के बीच खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेले गए इस मुकाबले में हुसैनाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बलिया को 10 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।

    बलिया: स्वच्छता की नई मिसाल बनेगा बांसडीह: नगर पंचायत और एनजीओ के संयुक्त अभियान से बदलेगी नगर की तस्वीर

    फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हुसैनाबाद की टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में 73 रन का प्रतिस्पर्धात्मक स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलिया की टीम हुसैनाबाद के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित ओवरों में 63 रन ही बना सकी। इस तरह हुसैनाबाद ने मुकाबला 10 रन से जीतकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

    मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए हुसैनाबाद के खिलाड़ी पवन सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने वाले गुड्डू सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

    इससे पहले फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि शान्त स्वरूप सिंह रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। खेल के विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। 

    अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ खेल संस्कृति को भी मजबूत करते हैं।

    प्रतियोगिता में अवनीश सिंह और बालाजी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि चीकू बाबा ने अपनी शानदार कमेंट्री से मैच को और रोमांचक बना दिया। वहीं विशाल यादव ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी निभाई।

    फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी देर रात तक मैदान में डटे रहे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम दिखाया, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक बना रहा। जैसे ही अंतिम गेंद के साथ हुसैनाबाद की जीत सुनिश्चित हुई, खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजेता टीम के खिलाड़ी ट्रॉफी लेकर मैदान में दौड़ पड़े और जमकर जश्न मनाया।तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ।