बलिया: स्वच्छता की नई मिसाल बनेगा बांसडीह: नगर पंचायत और एनजीओ के संयुक्त अभियान से बदलेगी नगर की तस्वीर - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया: स्वच्छता की नई मिसाल बनेगा बांसडीह: नगर पंचायत और एनजीओ के संयुक्त अभियान से बदलेगी नगर की तस्वीर


    बांसडीह (बलिया)। नगर पंचायत बांसडीह को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने व्यापक "स्वच्छता अभियान फेज-1" शुरू करने का निर्णय लिया है। यह अभियान नगर पंचायत प्रशासन एवं श्री नमस्ते वेस्ट पीकर (एनजीओ) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जाएगा। 

    नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में तैयार की गई इस विशेष कार्ययोजना के तहत सबसे पहले बांसडीह बाजार को कचरा मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए सोमवार को नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके बाद योजना को धरातल पर उतार दिया जाएगा। 

    नगर पंचायत द्वारा तैयार किए गए एक्शन प्लान के अनुसार प्रथम चरण में बांसडीह बाजार से कचहरी के लगभग 400 स्थायी 250 अस्थाई दुकानदारों एवं सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले ठेला वेंडरों को अभियान से जोड़ा जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र के सभी चिन्हित दुकानदारों को सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग एकत्रित करने के लिए 40-40 लीटर क्षमता के दो कूड़ेदान उपलब्ध कराए जाएंगे। दुकानदारों को दिनभर के व्यवसाय के दौरान निकलने वाले कचरे, जैसे चाय के कुल्हड़, प्लास्टिक की बोतलें, ढक्कन, खाद्य सामग्री के अवशेष एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को निर्धारित कूड़ेदानों में अलग-अलग श्रेणियों में संग्रहित करना होगा।

    घर-घर नहीं, दुकान-दुकान होगी स्वच्छता की निगरानी

    बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पंचायत ने कूड़ा संग्रहण की नियमित व्यवस्था भी तैयार की है। निर्धारित समय पर सुबह और शाम नगर पंचायत के कूड़ा वाहन बाजार में पहुंचकर दुकानों से कचरा एकत्र करेंगे। पूरी व्यवस्था नगर पंचायत के सुपरवाइजर की निगरानी में संचालित होगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान का कूड़ा सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर न फैले।

    तीन चरणों में पूरे नगर को जोड़ा जाएगा अभियान से

    नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से प्रारंभिक चर्चा भी हो चुकी है। योजना को तीन चरणों में लागू किया जाएगा—

    • प्रथम चरण: बांसडीह बाजार के 400 दुकानदारों एवं 250 ठेला व्यवसायियों को अभियान से जोड़कर सोमवार से शुरुआत।

    • द्वितीय चरण: बाजार क्षेत्र में सफलता मिलने के बाद नगर पंचायत के 7 वार्डों में अभियान का विस्तार।

    • तृतीय चरण: शेष 8 वार्डों को जोड़कर पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में स्थायी और व्यवस्थित सफाई व्यवस्था स्थापित करना।

    कचरा पृथक्करण पर रहेगा विशेष जोर

    इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल कूड़ा उठाना नहीं, बल्कि स्रोत पर ही सूखे और गीले कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करना है। इससे कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा मिलेगा और नगर में स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सकेगा। इस कार्य में श्री नमस्ते वेस्ट पीकर (एनजीओ) भी तकनीकी एवं जागरूकता सहयोग प्रदान करेगा।

    स्वच्छ और आदर्श नगर बनाने की पहल

    नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि बांसडीह को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए व्यापारियों, आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है। सोमवार को आयोजित बैठक में व्यापार मंडल एवं व्यापारी बंधुओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की जाएगी तथा उसी दिन से कूड़ेदान वितरण के साथ अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी।उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता, सुनियोजित कचरा प्रबंधन और नगर पंचायत व श्री नमस्ते वेस्ट पीकर (एनजीओ) के संयुक्त प्रयासों से बांसडीह को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर के रूप में स्थापित किया जा सकेगा, जिससे नगरवासियों को बेहतर वातावरण और साफ-सुथरा बाजार उपलब्ध होगा।

     बड़े शहरों की तर्ज पर होगी सफाई व्यवस्था, कचरे से बनेगी खाद और उपयोगी सामग्री

     नगर पंचायत प्रशासन के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान का संचालन कर रहे श्री नमस्ते वेस्ट पीकर (एनजीओ) के संचालक विकास पाण्डेय एवं शिवम मिश्र ने बताया कि इस विशेष कार्ययोजना का उद्देश्य केवल कचरा संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर में आधुनिक और स्थायी कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों की तर्ज पर बांसडीह के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए एनजीओ के प्रशिक्षित कर्मी नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे, जिससे नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।विकास पाण्डेय ने बताया कि योजना के सफल संचालन के बाद आगामी दिनों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था भी शुरू करने की तैयारी है, ताकि बाजार खुलने से पहले प्रमुख मार्ग और सार्वजनिक स्थल पूरी तरह स्वच्छ दिखाई दें।वहीं शिवम मिश्र ने बताया कि दुकानों और बाजारों से एकत्रित होने वाले कचरे का सूखा एवं गीला कचरा पृथक्करण किया जाएगा। इसके बाद उसे एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर पहुंचाकर वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेस किया जाएगा। वेस्ट मैनेजमेंट प्रक्रिया के तहत जैविक कचरे से खाद तैयार की जाएगी, जबकि प्लास्टिक एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री से विभिन्न उपयोगी उत्पाद बनाए जाएंगे। इससे न केवल कचरे का उचित निस्तारण होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के पुनः उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।