बलिया : स्वच्छता अभियान को व्यापारियों का मिला समर्थन, बड़ी बाजार से कचहरी तक क्षेत्र को कूड़ा मुक्त बनाने का संकल्प
बांसडीह (बलिया)। नगर पंचायत प्रशासन एवं श्री नमस्ते वेस्ट पीकर (एनजीओ) के संयुक्त तत्वावधान में प्रस्तावित स्वच्छता अभियान फेज-1 को लेकर सोमवार की शाम पुराने बख्शीखाना परिसर में नगर पंचायत प्रशासन, व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी, नगर पंचायत कर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बांसडीह नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पिछले कई महीनों से इस योजना पर विचार-विमर्श किया जा रहा था। विस्तृत कार्ययोजना तैयार होने के बाद अब इसे धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में बांसडीह की हृदयस्थली बड़ी बाजार से कचहरी तक के क्षेत्र को पूर्ण रूप से कूड़ा मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
श्री नमस्ते वेस्ट पीकर के संचालक विकास पाण्डेय ने व्यापारियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में लगभग 400 दुकानदारों एवं 250 ठेला-खुमचा संचालकों को 40 लीटर क्षमता के कूड़ेदान वितरित किए जाएंगे। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में एकत्रित करेंगे, जिसके बाद नगर पंचायत एवं एनजीओ की संयुक्त टीम नियमित रूप से उसका उठान करेगी। प्रारंभिक चरण में प्रतिदिन एक बार कूड़ा संग्रहण किया जाएगा, जिसे आगे आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत में एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर की शुरुआत हो चुकी है। यहां एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण किया जाएगा। गीले कचरे से कंपोस्ट खाद तैयार की जाएगी, जबकि प्लास्टिक एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री से विभिन्न उपयोगी उत्पाद बनाए जाएंगे। इससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक के साथ ही अभियान की औपचारिक शुरुआत भी कर दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं एनजीओ प्रतिनिधियों ने व्यापारी अरविंद गुप्ता को कूड़ेदान प्रदान कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद लगभग 30 व्यापारियों को कूड़ेदान वितरित कर स्वच्छता अभियान को जमीन पर उतारा गया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि आगामी दिनों में क्रमशः सभी दुकानदारों, ठेला एवं खोमचा संचालकों को भी कूड़ेदान उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि पूरे बाजार क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की एक समान व्यवस्था लागू की जा सके।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय कुमार गुलेर ने व्यापारियों की ओर से अभियान को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी इस स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे, सड़क पर कूड़ा नहीं फेंकेंगे और बाजार क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ व्यापारी गोपाल जी गुप्ता ने की। इस दौरान अवधेश गुप्ता, मदन सोनी, संजय गुप्ता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह, अंजनी गुप्ता, अरुण कुमार सिंह, संतोष तिवारी, मनोज गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, मनीर अहमद, कादिर शाह, काली मिश्र, सुमन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बांसडीह को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाने के लिए सामूहिक रूप से सहयोग करने का संकल्प लिया।







