बलिया : तालाब की खुदाई में मिली प्राचीन ईंटों की संरचना, पुरातात्विक महत्व की संभावना
बांसडीह (बलिया)। तहसील क्षेत्र के बंकवा गांव में तालाब की खुदाई के दौरान पक्की ईंटों से बनी एक प्राचीन संरचना मिलने से क्षेत्र में उत्सुकता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार खुदाई के दौरान लगभग 60 फीट लंबी दीवारनुमा संरचना दिखाई दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग स्थल पर पहुंचने लगे।
संरचना मिलने की सूचना पर क्षेत्र के इतिहास एवं पुरातत्व विषय में रुचि रखने वाले लोगों ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पहुंचे प्राचीन इतिहास के जानकार डॉ. अमृत आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह संरचना पुरातात्विक महत्व की प्रतीत होती है।
उन्होंने कहा कि प्रयुक्त ईंटों की बनावट और संरचना का स्वरूप प्राचीन निर्माण शैली की ओर संकेत करता है, हालांकि इसके कालखंड और वास्तविक स्वरूप के संबंध में कोई निष्कर्ष वैज्ञानिक जांच एवं विशेषज्ञ अध्ययन के बाद ही सामने आ सकेगा।
डॉ. अमृत आनंद ने बताया कि बंकवा और आसपास का क्षेत्र पूर्व में भी प्राचीन अवशेषों की प्राप्ति को लेकर चर्चित रहा है। ऐसे में इस स्थल का पुरातत्व विभाग द्वारा सर्वेक्षण और वैज्ञानिक अध्ययन कराया जाना आवश्यक है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं पुरातत्व विभाग से मामले का संज्ञान लेकर विशेषज्ञों की टीम भेजने तथा आवश्यक जांच कराने की मांग की है। लोगों का मानना है कि यदि संरचना का विधिवत अध्ययन कराया जाए तो क्षेत्र के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
प्राचीन संरचना की चर्चा गांव से लेकर बाजारों और चट्टी-चौराहों तक पहुंच गई है। फिलहाल सभी की निगाहें पुरातत्व विभाग की संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



