बलिया : पुरानी रंजिश में दो पड़ोसी परिवार भिड़े, महिलाओं समेत कई घायल; दोनों पक्षों पर मुकदमा
- लाठी-डंडे, हंसिया और लोहे की रॉड से हमला करने के आरोप, पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
बांसडीह (बलिया): कोतवाली क्षेत्र के खरौनी (फिरंगी टोला) गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों की महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की पुष्पा देवी का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस की विमला देवी, प्रीति, मनीष और निशा उनके दरवाजे पर पहुंचे, गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष की प्रीति यादव ने आरोप लगाया कि पड़ोसन पुष्पा देवी ने हंसिया और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया, जिसमें उनकी मां विमला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका सिर फट गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे भाई मनीष और बहन निशा भी घायल हो गए।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में दोनों ओर से अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
