बलिया: नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, नामजद के खिलाफ FIR दर्ज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया: नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, नामजद के खिलाफ FIR दर्ज

     


    बांसडीह (बलिया): कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में अकेली 16 वर्षीय नाबालिग के साथ जबरदस्ती, छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पीड़िता की मां के अनुसार, बीते 7 जून को वह इलाज कराने के लिए बलिया शहर गई थीं। उस समय उनकी नाबालिग पुत्री घर पर अकेली थी और घरेलू कामकाज कर रही थी। आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे हल्दी थाना क्षेत्र के ग्राम बजरहां निवासी सोनू चौहान उर्फ लड्डू घर में घुस गया।

    तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपित ने नाबालिग के साथ जोर-जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया और छेड़खानी की। पीड़िता ने विरोध कर शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपित ने पीड़िता के साथ मारपीट करने, जान से मारने तथा जान-माल और इज्जत को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और फरार हो गया।

    घटना के बाद पीड़िता की मां ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।