बाबा बालखण्डीनाथ मंदिर में शिवमहापुराण यज्ञ प्रारम्भ, कल से सात दिनों तक इन वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध, 3 से 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बाबा बालखण्डीनाथ मंदिर में शिवमहापुराण यज्ञ प्रारम्भ, कल से सात दिनों तक इन वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध, 3 से 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

     



    • शिवपुराण यज्ञ को लेकर सात दिनों तक रहेगा यातायात डायवर्जन
    •  3 से 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह रोड क्षेत्र के ग्राम देवली स्थित बाबा बालखण्डीनाथ मंदिर परिसर में 9 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित होने वाले भव्य शिवपुराण यज्ञ को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

    प्रशासन के अनुसार सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में लगभग 3 से 4 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 9 जून से 15 जून तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों, बसों तथा चार पहिया वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा।

    इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

    बलिया से बांसडीह की ओर आने वाले वाहन

    बलिया से बांसडीह कोतवाली की तरफ जाने वाले भारी वाहन, बस एवं चार पहिया वाहन शंकरपुर तिराहा से हनुमानगंज, सुखपुरा और सिकंदरपुर होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। शंकरपुर तिराहा से केवल श्रद्धालुओं के वाहन ही यज्ञ स्थल के पार्किंग क्षेत्र तक जा सकेंगे।

    बांसडीह से बलिया की ओर जाने वाले वाहन

    बांसडीह तिराहा से बलिया शहर की ओर जाने वाले भारी वाहन, बस एवं चार पहिया वाहन सुखपुरा और हनुमानगंज मार्ग से होकर जाएंगे। यज्ञ स्थल की ओर केवल श्रद्धालुओं के वाहनों को जाने की अनुमति होगी।

    बांसडीह से बैरिया मार्ग

    बांसडीह तिराहा से बैरिया जाने वाले भारी वाहन, बस एवं चार पहिया वाहन सहतवार, रेवती और चिरैया मोड़ होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। यज्ञ स्थल की ओर केवल श्रद्धालुओं के वाहनों को प्रवेश मिलेगा।

    रसड़ा और फेफना से आने वाले श्रद्धालु

    रसड़ा और फेफना क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन गड़वार त्रिकालपुर तिराहा, सुखपुरा, बेरुआरबारी और मैरीटार तिराहा होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचेंगे।

    उभांव और सिकंदरपुर क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु

    इन क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन सुखपुरा, बेरुआरबारी और मैरीटार मार्ग से होकर यज्ञ स्थल पहुंचेंगे।

    बैरिया क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु

    बैरिया से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन चिरैया मोड़, रेवती, सहतवार और बांसडीह तिराहा होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचेंगे।

    आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी छूट


    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन व्यवस्था के दौरान एम्बुलेंस, फायर टेंडर, मेडिकल सेवा वाहनों, डीजल-पेट्रोल एवं गैस आपूर्ति वाहनों सहित आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों तथा विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंटों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा सहयोग बनाए रखने की अपील की है।