बलिया : लोकतंत्र सेनानी स्व. सच्चितानंद सिंह की पुण्यतिथि पर पौधरोपण, बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री
- वक्ताओं ने कहा— सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया, शिक्षक और लोकतंत्र सेनानी के रूप में छोड़ी अमिट छाप
बांसडीह (बलिया): लोकतंत्र सेनानी एवं शिक्षक रहे स्वर्गीय सच्चितानंद सिंह की 13वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को बांसडीह में विभिन्न सामाजिक और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर पौधरोपण, दलित बस्ती में बच्चों को पाठ्य सामग्री, फल एवं मिष्ठान वितरण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित दलित बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक बच्चों को कॉपी, पेन सहित अन्य पाठ्य सामग्री के साथ फल और मिष्ठान वितरित किए गए। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्व. सच्चितानंद सिंह ने जीवनभर अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने एक आदर्श शिक्षक के रूप में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया, वहीं लोकतंत्र सेनानी के रूप में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए भी सदैव सक्रिय रहे। कार्यक्रम में भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा, विनय मिश्रा, तेजबहादुर रावत, विजय सिंह, बिट्टू तिवारी, रजत श्रीवास्तव, विवेक गुप्ता, सुशील राम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सभासद प्रतिनिधि दिवान राम ने किया, जबकि आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापन स्व. सच्चितानंद सिंह के पुत्र दिग्विजय सिंह 'छोटू' ने व्यक्त किया। वहीं दूसरी ओर, विद्याभवन नारायणपुर स्थित यमुना सिंह इंटर कॉलेज में भी स्व. सच्चितानंद सिंह की पुण्यतिथि पर पौधरोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पांडेय, नवीन कुमार सिंह, विनय मिश्रा, अभिनव सिंह, दिग्विजय सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पौधरोपण दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
