बलिया : सुभासपा प्रदेश महासचिव पर जानलेवा हमला, दुकान से घसीटकर बेरहमी से पीटा; 11 हजार लूटने का आरोप - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : सुभासपा प्रदेश महासचिव पर जानलेवा हमला, दुकान से घसीटकर बेरहमी से पीटा; 11 हजार लूटने का आरोप

     


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह तहसील के सामने गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सुभासपा के प्रदेश महासचिव अभिषेक मिश्र 'मिंटू' पर कथित रूप से एक साथ आधा दर्जन से अधिक लोगों द्वारा जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें दुकान के अंदर से घसीटकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान कैश काउंटर से ₹11,022 नकद भी निकाल ले जाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने सात नामजद और कुछ अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, बलवा समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


    पीड़ित अभिषेक मिश्र द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, गुरुवार रात करीब नौ बजे वह तहसील के सामने स्थित अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी पूर्व नियोजित साजिश के तहत शशांक मिश्र, दीपक मिश्र, अशोक मिश्र, अरुण मिश्र, पदुम देव मिश्र, ज्ञानेन्द्र मिश्र निवासी बांसडीह तथा सत्यजीत पाण्डेय निवासी टैया टोला, खरौनी अपने दो-तीन अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस थे। तहरीर के मुताबिक, हमलावरों ने अभिषेक मिश्र को दुकान के अंदर से खींचकर बाहर निकाला और सिर व सीने पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। आरोप है कि इसी दौरान हमलावर दुकान के कैश काउंटर से ₹11,022 भी निकाल ले गए।

    शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद पवन मिश्र और राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह घायल की जान बचाई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटती देख सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपितों से उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से परिवार दहशत में है।

    प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद एवं अज्ञात आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।