बलिया : ऑपरेशन मुस्कान बना परिवार की खुशियों का सहारा: 36 घंटे में गुमशुदा 13 वर्षीय बालक को सकुशल ढूंढ़ लाई बांसडीह पुलिस
बांसडीह (बलिया)। महज 36 घंटे में एक गुमशुदा 13 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद कर बांसडीह पुलिस ने एक परिवार की बिछड़ी खुशियां लौटा दीं। ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
मामले में कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 17 जुलाई 2026 की रात 11:17 बजे एक महिला ने थाना बांसडीह में तहरीर देकर बताया कि उनका 13 वर्षीय नाती उसी दिन सुबह करीब सात बजे घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए बांसडीह पुलिस ने तत्काल मु.अ.सं. 212/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की। जिले के सभी थाना-चौकियों को सूचना भेजी गई। साथ ही डिजिटल वॉलंटियर ग्रुप, सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों की मदद से बालक की तलाश युद्धस्तर पर शुरू की गई। लगातार प्रयास और सतर्क पुलिसिंग का परिणाम यह रहा कि 36 घंटे के भीतर पुलिस ने कस्बा बांसडीह के कठबंधवा-देवडीह मार्ग के पास से गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। वहीं स्थानीय लोगों ने बांसडीह पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और पेशेवर कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की।बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव (विवेचक) और आरक्षी अखिलेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

