छितरौली में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों के कई लोग घायल
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के छितरौली गांव में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। सुबह करीब छह बजे शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलने से कई लोग घायल हो गए। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा।
READ ALSO - केवरा सब्जी बाजार में उचक्कों का आतंक, पूर्व प्रधान की जेब से S23 अल्ट्रा मोबाइल चोरी
एक पक्ष के व्यास पांडेय पुत्र स्वर्गीय भीरुण पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते उनके पटीदार रोहित पांडेय, घनश्याम पांडेय, दिनेश पांडेय, विवेक पांडेय, मनोरमा देवी, अभिषेक पांडेय समेत चार-पांच अन्य लोग अवैध तमंचा, लोहे की रॉड और लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी और हमला कर दिया। इस दौरान व्यास पांडेय, राहुल पांडेय और विशाल पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि परिवार की महिलाओं को भी चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपित वहां से चले गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के घनश्याम पांडेय पुत्र परमा पांडेय ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके दरवाजे पर मैजिक वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ। विरोध करने पर मनोज पांडेय, विनोद पांडेय, विकास पांडेय, छोटू पांडेय, नेपाल पांडेय, आकाश पांडेय, प्रिंस पांडेय और मिथुन पांडेय समेत अन्य लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे रोहित पांडेय, विवेक पांडेय और दिनेश पांडेय को भी बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया गया। दूसरे पक्ष ने भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों के घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा चिकित्सीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
