केवरा सब्जी बाजार में उचक्कों का आतंक, पूर्व प्रधान की जेब से S23 अल्ट्रा मोबाइल चोरी - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    केवरा सब्जी बाजार में उचक्कों का आतंक, पूर्व प्रधान की जेब से S23 अल्ट्रा मोबाइल चोरी

     


    बांसडीह, बलिया। कोतवाली क्षेत्र का केवरा सब्जी बाजार इन दिनों उचक्कों के लिए आसान निशाना बनता जा रहा है। प्रतिदिन सुबह करीब तीन घंटे लगने वाले इस बाजार में भारी भीड़ जुटती है। यहां बलिया के अलावा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से व्यापारी सब्जी का कारोबार करने पहुंचते हैं, जबकि स्थानीय लोग रोजमर्रा की जरूरतों और शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए बड़ी मात्रा में खरीदारी करते हैं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर उचक्के ग्राहकों के मोबाइल फोन और नकदी पर हाथ साफ कर रहे हैं।

    READ ALSO - हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया


    ताजा मामला क्षेत्र के खेवसर निवासी पूर्व प्रधान लव कुमार सिंह के साथ हुआ। वह शनिवार सुबह सब्जी खरीदने के लिए केवरा सब्जी बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान किसी उचक्के ने झोले की आड़ लेकर उनकी जेब से सैमसंग S23 अल्ट्रा मोबाइल फोन निकाल लिया।


    घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक पूर्व प्रधान की जेब से मोबाइल निकालकर तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। कुछ दूरी पर दूसरा युवक उसके साथ मिल जाता है। इसके बाद एक मोटरसाइकिल सवार युवक उनके पास रुकता है और तीनों युवक बाइक से वहां से निकल जाते हैं। पूर्व प्रधान लव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बाजार में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्राहकों और व्यापारियों में चिंता है। लोगों ने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने की मांग की है।