बलिया : बांसडीह ब्लॉक परिसर के चार सरकारी आवास दो दिन में होंगे खाली, एसडीएम ने दी अंतिम चेतावनी - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह ब्लॉक परिसर के चार सरकारी आवास दो दिन में होंगे खाली, एसडीएम ने दी अंतिम चेतावनी

     

    बांसडीह (बलिया)। ब्लॉक परिसर में स्थित सरकारी आवासों पर वर्षों से कथित रूप से अवैध कब्जा कर रह रहे लोगों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने ब्लॉक परिसर पहुंचकर कब्जाधारियों को अंतिम चेतावनी दी और दो दिन के भीतर आवास खाली करने का निर्देश दिया।

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर सरकारी आवास खाली नहीं किए गए तो बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

    बताया गया कि हाल ही में जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान ब्लॉक परिसर के सरकारी आवासों में बिना वैध अधिकार के निवास करने का मामला सामने आया था। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद रविवार को एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, तहसीलदार नितिन कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार शर्मा तथा प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने चंदन रावत पुत्र भरतराम रावत, सुनील रावत समेत अन्य कब्जाधारियों को नोटिस देकर दो दिन के भीतर स्वेच्छा से सरकारी आवास खाली करने को कहा। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद कब्जा मिलने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कब्जाधारियों की होगी। कार्रवाई के दौरान आवासों में रह रहे लोगों ने प्रशासन से कुछ समय देने की मांग की। अधिकारियों ने मानवीय आधार पर दो दिन की अंतिम मोहलत दे दी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि इसके बाद किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

    प्रशासन की कार्रवाई से ब्लॉक परिसर में सरकारी आवासों पर कथित रूप से कब्जा किए लोगों में हड़कंप मच गया है।अधिकारियों ने कहा कि सरकारी संपत्तियों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।