बलिया : सुभासपा नेता अभिषेक 'मिंटू' पर हमले से बवाल, गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
- सुभासपा, भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और छात्र नेताओं की बैठक; पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप
बांसडीह (बलिया)। सुभासपा नेता एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष अभिषेक मिश्र 'मिंटू' पर हुए कथित जानलेवा हमले के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। रविवार को आयोजित बैठक में सुभासपा, भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारी वर्ग और छात्र नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता सुभासपा नगर अध्यक्ष लालजी राजभर ने की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित गति से नहीं हो रही है और अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इसे लेकर कार्यकर्ताओं और व्यापारियों में नाराजगी जताई गई।
बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। साथ ही पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), पुलिस अधीक्षक तथा प्रदेश सरकार को ज्ञापन देकर मामले से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में शिवजी, राजेश राजभर, उमापति राजभर, अवधेश यादव, सुनील राजभर, राहुल सिंह, माइकल राजभर, अवनीश तिवारी, आदर्श मिश्र, विनोद गुप्ता, डब्बू गुप्ता, खुर्शीद अंसारी, राजा राम सहित बड़ी संख्या में सुभासपा एवं भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी और छात्र नेता मौजूद रहे।
