बांसडीह मारपीट कांड: जमीनी विवाद में दोनों पक्षों पर मुकदमा, सुभासपा नेता अभिषेक 'मिंटू' भी बने नामजद - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बांसडीह मारपीट कांड: जमीनी विवाद में दोनों पक्षों पर मुकदमा, सुभासपा नेता अभिषेक 'मिंटू' भी बने नामजद



    • पुलिस जांच में सामने आया पट्टीदारी का विवाद, पहले एक पक्ष तो अब दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी एफआईआर दर्ज


    बांसडीह (बलिया)। कस्बे में शुक्रवार शाम सुभासपा के प्रदेश महासचिव अभिषेक मिश्रा उर्फ मिंटू के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस जांच में नया मोड़ सामने आया है। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घटना किसी बाहरी रंजिश का नहीं, बल्कि पट्टीदारी और लंबे समय से चले आ रहे जमीनी विवाद का परिणाम है। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।

    घटना के बाद पुलिस ने पहले अभिषेक मिश्रा की तहरीर पर दूसरे पक्ष के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। वहीं अब मामले की निष्पक्ष जांच के क्रम में पुलिस ने दूसरे पक्ष अशोक कुमार मिश्रा की तहरीर के आधार पर सुभासपा नेता अभिषेक मिश्रा उर्फ मिंटू और उनके भाई अंजनी मिश्रा सहित अन्य के खिलाफ भी मारपीट एवं अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    अशोक कुमार मिश्रा का आरोप है कि सहखातेदारी की भूमि पर अवैध निर्माण का विरोध करने पर उनके साथ लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिसमें उन्हें और उनके पक्ष के अन्य लोगों को चोटें आईं।

    पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीरों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर पहलू से गहन विवेचना की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है, जबकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।