बलिया : “CM के आगमन से पहले बलिया में ट्रैफिक अलर्ट, इन 5 रास्तों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री” - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : “CM के आगमन से पहले बलिया में ट्रैफिक अलर्ट, इन 5 रास्तों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री”



    •  मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बलिया में रूट डायवर्जन, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक


    बलिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए जनपद बलिया में यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम 29 अगस्त 2026 को थाना सहतवार क्षेत्र में प्रस्तावित है।

    कार्यक्रम के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक विभिन्न मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस प्रशासन ने संबंधित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं।

    🚫 इन स्थानों से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित

    1. सुखपुरा चौराहा:

    सिकंदरपुर एवं गड़वार की ओर से सुखपुरा होते हुए बांसडीह कचहरी के रास्ते बैरिया जाने वाले भारी वाहनों को सुखपुरा चौराहे पर ही रोक दिया जाएगा। सुखपुरा से बांसडीह कचहरी होते हुए बैरिया की ओर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

    2. चिरैया मोड़, थाना बैरिया:

    बैरिया की ओर से रेवती, सहतवार एवं बांसडीह की तरफ जाने वाले सभी भारी वाहनों का आवागमन चिरैया मोड़ से प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को अनुमति दी जाएगी।

    3. बांसडीह कोतवाली तिराहा:

    बांसडीह कोतवाली तिराहे से सहतवार कार्यक्रम स्थल की ओर कार्यक्रम में शामिल वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

    4. बांसडीह रोड स्टेशन तिराहा:

    बांसडीह रोड स्टेशन तिराहे से सहतवार कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्यक्रम में शामिल वाहनों के अतिरिक्त सभी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

    5. हल्दी बाजार बद्री सिंह चौराहा:

    हल्दी बाजार स्थित बद्री सिंह चौराहे से सहतवार कार्यक्रम स्थल की ओर कार्यक्रम में जाने वाले वाहनों के अलावा सभी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

    पुलिस प्रशासन की अपील

    पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों एवं आमजन से अपील की है कि रूट डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने का प्रयास न करें। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।