बलिया : महावीरी झंडा जुलूस को लेकर भारी वाहनों और ई-रिक्शा के रूट में बदलाव
बलिया। महावीरी झंडा जुलूस के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक डायवर्जन प्लान जारी किया है। 28 अगस्त को जुलूस समाप्त होने तक शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, दोपहर तीन बजे से शहर के अंदर कई मार्गों पर तीन और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन के मुताबिक,
- दुबहड़-छपरा और बैरिया की ओर से शहर आने वाले भारी वाहनों को थाना दुबहड़ के पास नो-एंट्री प्वाइंट पर सुबह आठ बजे से जुलूस समाप्ति तक रोका जाएगा।
- सिकंदरपुर, रसड़ा, नरहीं और फेफना जाने वाले वाहन चिरैया मोड़ से सहतवार, बांसडीह, सुखपुरा होते हुए त्रिकालपुर तिराहा (गड़वार) से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- इसी तरह रेवती, सहतवार और बांसडीह की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बांसडीह रोड थाना के पास शंकरपुर तिराहा पर रोका जाएगा।
- नरहीं, रसड़ा और फेफना जाने वाले वाहनों को सुखपुरा और त्रिकालपुर तिराहा होते हुए आगे भेजा जाएगा।
- हनुमानगंज, नरहीं, फेफना, रसड़ा और सिकंदरपुर से शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को हनुमानगंज चौकी के पास रोकने की व्यवस्था की गई है।
- सिकंदरपुर से दुबहड़, हल्दी और बैरिया जाने वाले वाहन सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होकर जाएंगे, जबकि नरहीं और फेफना जाने वाले वाहन सुखपुरा होते हुए त्रिकालपुर तिराहा से निकलेंगे।
- रसड़ा, नरहीं और चितबड़ागांव की ओर से आने वाले भारी वाहनों को फेफना तिराहा के पास रोका जाएगा। बैरिया, सिकंदरपुर और बांसडीह जाने वाले वाहन त्रिकालपुर तिराहा, सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होते हुए जाएंगे। गड़वार की तरफ से शहर आने वाले भारी वाहनों को अगरसंडा के पास नो-एंट्री प्वाइंट पर रोका जाएगा।
- हल्दी और बैरिया की ओर जाने वाले वाहन गड़वार के त्रिकालपुर तिराहा से सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होकर जाएंगे।
शहर में तीन-चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक
जुलूस को देखते हुए दोपहर तीन बजे से चित्तू पाण्डेय चौराहा, एससी कॉलेज, जगदीशपुर/विजयीपुर तिराहा और चौकी जापलिनगंज से शहर के अंदर जाने वाले तीन और चार पहिया वाहनों पर रोक रहेगी। इन मार्गों से रेलवे स्टेशन, विष्णु धर्मशाला, विशुनिपुर मस्जिद, चौक, नया चौक, बालेश्वर मंदिर और दुर्गा मंदिर की ओर वाहनों का प्रवेश जुलूस समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा।
ई-रिक्शा के लिए तय किए गए पांच रूट
प्रशासन ने ई-रिक्शा के संचालन के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए हैं।
- बहादुरपुर की ओर से आने वाले ई-रिक्शा कुँवर सिंह चौराहा से ओवरब्रिज के ऊपर से जगदीशपुर तिराहा तक जाकर वापस लौटेंगे। माल्देपुर की ओर से आने वाले ई-रिक्शा चित्तू पाण्डेय चौराहा से वापस माल्देपुर जाएंगे अथवा रेलवे क्रॉसिंग पार कर गड़वार रोड की ओर से लौटेंगे।
- कदम चौराहा की ओर से आने वाले ई-रिक्शा एससी कॉलेज चौराहा से जापलिनगंज होते हुए वापस कदम चौराहा की ओर जाएंगे। अस्पताल जाने वाले वाहन कदम चौराहा से बिचलाघाट और बंधा रोड होकर जा सकेंगे।
- तिखमपुर मंडी की ओर से आने वाले ई-रिक्शा एनसीसी तिराहा से कुँवर सिंह चौराहा, टीडी कॉलेज होते हुए रोडवेज बस स्टैंड तक जाएंगे और इसी मार्ग से वापस लौटेंगे। वहीं, मिढ्ढा की ओर से आने वाले विक्रम टेम्पो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन रोडवेज बस तिराहा से वापस मिढ्ढा की ओर जाएंगे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जुलूस के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और शहर की ओर आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, ताकि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
