बलिया : सरयू नदी किनारे मिला 70-80 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, मची सनसनी
बांसडीह, बलिया। कोतवाली क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में शुक्रवार की सुबह सरयू नदी के किनारे पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ताहिरपुर में सरयू नदी के किनारे पानी में शव दिखाई देने पर लोगों ने इसकी सूचना बांसडीह कोतवाली पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी उसकी शिनाख्त नहीं कर सका। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव पर कोई कपड़ा नहीं था और वह काफी पुराना होने के साथ ही दुर्गंधयुक्त था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव कहीं अन्यत्र से बहकर सरयू नदी के रास्ते ताहिरपुर के किनारे आकर लगा है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 70 से 80 वर्ष के बीच होने का अनुमान है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।
