बलिया : कूद-कूदकर स्कूल जाने वाली रागिनी से मिले सीएम योगी, हरसंभव मदद का भरोसा
बांसडीह, बलिया। दोनों पैरों से दिव्यांगता के बावजूद कूद-कूदकर स्कूल आने-जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सुर्खियों में आई मनियर क्षेत्र के दिघेड़ा गांव की रागिनी गुरुवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके आवास पर मिली। बांसडीह विधायक केतकी सिंह के साथ रागिनी और उसके माता-पिता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। सीएम ने रागिनी के बेहतर इलाज, शिक्षा और परिवार को हरसंभव सरकारी सहयोग का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने रागिनी की स्थिति की जानकारी लेते हुए उसके बेहतर इलाज और उचित शिक्षा की व्यवस्था, परिवार के लिए आवास और आर्थिक सहायता तथा गांव तक पहुंचने वाली सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रागिनी की बदहाली दूर करने के लिए सरकार हरसंभव मदद करेगी।
मनियर क्षेत्र के दिघेड़ा गांव निवासी देवेंद्र राजभर और बबिता राजभर की बेटी रागिनी बचपन से ही दोनों पैरों से दिव्यांग है। बताया गया कि छोटी उम्र में हुए हादसे में उसके पैर खराब हो गए थे। इसके बावजूद वह पढ़ाई जारी रखे हुए है। स्कूल आने-जाने में परेशानी के बीच उसके कूद-कूदकर स्कूल जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा।
इसके बाद जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह समेत कई समाजसेवी और स्वयंसेवी संगठनों के लोग रागिनी के घर पहुंचे और मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विधायक केतकी सिंह के माध्यम से रागिनी को लखनऊ बुलाया गया। गुरुवार सुबह विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह रागिनी और उसके माता-पिता को लेकर सड़क मार्ग से लखनऊ रवाना हुए।
विधायक केतकी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज, शिक्षा, आवास और परिवार को आर्थिक सहयोग का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विश्राम सिंह, नीरज दुबे, चुन्नु सिंह, राजेश सिंह, सुनील राय, लोकनाथ पासवान, राकेश चौहान, विमल, दीपू, बबिता राजभर और देवेंद्र राजभर मौजूद रहे।
