बलिया: नाबालिग छात्रा की AI से अश्लिल वीडियो बनाने का आरोप, युवक पर मुकदमा - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया: नाबालिग छात्रा की AI से अश्लिल वीडियो बनाने का आरोप, युवक पर मुकदमा

     

    नाबालिग छात्रा की फोटो से AI वीडियो बनाने का आरोप, युवक पर मुकदमा

    फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर स्कूल व रिश्तेदारों में वीडियो भेजने का आरोप


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की फोटो का कथित रूप से दुरुपयोग कर एआई तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने बांसडीह कस्बा निवासी अमित सोनी  के खिलाफ आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता कक्षा 12 की छात्रा है। आरोप है कि आरोपी ने छात्रा की सोशल मीडिया पर उपलब्ध फोटो का इस्तेमाल कर उसकी फोटो से मिलती-जुलती फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई। इसके बाद एआई तकनीक से कथित अश्लील वीडियो तैयार कर उसे छात्रा के स्कूल के सहपाठियों, दोस्तों और रिश्तेदारों के बीच भेजा गया। पिता का आरोप है कि आरोपी लगातार छात्रा को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी छात्रा और उसकी मां की फोटो का इस्तेमाल कर अलग-अलग फर्जी सोशल मीडिया आईडी बना चुका है। विरोध करने पर आरोपी द्वारा परिवार को जान से मारने और वीडियो को और अधिक वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। तहरीर के साथ पीड़िता के पिता ने कथित फर्जी और वास्तविक सोशल मीडिया आईडी के स्क्रीनशॉट तथा छात्रा के नाबालिग होने के प्रमाण के तौर पर मार्कशीट की प्रति भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।