बलिया : दो दिन में दो DSLR लूट से मचा था हड़कंप, पुलिस ने 24 घंटे में चार को दबोचा
- दो DSLR लूटकांड का पुलिस ने किय खुलासा, चार गिरफ्तार
- तीन कैमरे और वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद,
- सर्विलांस व एसओजी की मदद से पुलिस को मिली सफलता
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र में लगातार दो दिनों में हुई DSLR कैमरा लूट की घटनाओं का बांसडीह पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। थाना पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए तीन DSLR कैमरे और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में बरामदगी के आधार पर बीएनएस की धारा 317(2) व 3(5) की बढ़ोतरी की है।
बता दे कि बीते 18 सितंबर को बनकट गांव की पुलिया के पास वीडियोग्राफर अरुण वर्मा से DSLR कैमरा लूट की घटना हुई थी। मामले में 19 सितंबर को मु0अ0सं0 289/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अगले ही दिन 19 सितंबर को हरदत्तपुर के पास पंकज भारती से DSLR कैमरा लूट लिया गया। इस मामले में 22 सितंबर को मु0अ0सं0 291/2026 दर्ज किया गया। लगातार हुई दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर सीसीटीवी, सीडीआर, कैफ, बीटीएस समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। संदिग्धों की गतिविधियों और आवागमन के मार्गों की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 23 सितंबर की रात करीब 1:20 बजे शाहपुर-हुसेनाबाद मार्ग से मझौली जाने वाले मार्ग पर संयुक्त टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूट के तीन DSLR कैमरे तथा वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या UP60BH8220 और पल्सर बाइक संख्या UP60BD6972 बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार भारती (21), अजीत कुमार भारती (22), अजय वर्मा (20) और अभिषेक कुमार यादव (23), सभी निवासी खरौनी क्षेत्र, बांसडीह के रूप में हुई है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी अभिषेक कुमार यादव के खिलाफ पूर्व में भी बांसडीह कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ दोनों लूटकांड में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ यादव, उपनिरीक्षक अनुप कुमार, सौरभ श्रीवास्तव समेत सर्विलांस, स्वाट और बांसडीह कोतवाली के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
