बलिया : बलिया में खाकी पर गंभीर आरोप: छात्रा से छेड़खानी के आरोपी सिपाही को एसपी ने किया बर्खास्त
- कोचिंग से लौट रही किशोरी की साइकिल रोकने का आरोप, शोर मचाने पर बाइक छोड़कर भागा था सिपाही
बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र की लालगंज चौकी पर तैनात सिपाही पर कोचिंग से घर लौट रही किशोरी से छेड़खानी के गंभीर आरोप के मामले में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। परिवीक्षाधीन सिपाही पंकज गुप्ता को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। घटना के बाद आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पहले निलंबन की कार्रवाई की गई थी।
पीड़िता के आरोप के अनुसार, सिपाही पिछले तीन दिनों से उसे अकेले देखकर परेशान कर रहा था और मोबाइल नंबर देने का दबाव बना रहा था। लोक-लाज के चलते उसने शुरुआती दो दिनों तक किसी को जानकारी नहीं दी। बाद में उसने परिजनों को घटना बताई। आरोप है कि 11 सितंबर को किशोरी कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान सिपाही ने उसे अकेला देखकर रास्ते में साइकिल रोक ली और छेड़खानी करने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर उसके पिता और आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी सिपाही अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकला।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़िता की तहरीर के आधार पर सिपाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, परिवीक्षा अवधि में ही गंभीर अपराध के आरोप में संलिप्तता और कर्तव्य के विपरीत आचरण को देखते हुए एसपी ओमवीर सिंह ने दंड एवं अपील नियमावली के तहत सिपाही पंकज गुप्ता को पुलिस सेवा से पदच्युत (बर्खास्त) कर दिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी वाली खाकी पर सवाल
जिस पुलिस पर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी विभाग के एक सिपाही पर लगे गंभीर आरोप ने खाकी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि मुकदमे में लगाए गए आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया के दौरान पुष्टि होना बाकी है, लेकिन पुलिस विभाग द्वारा आरोपी सिपाही को बर्खास्त किए जाने की कार्रवाई ने मामले की गंभीरता को साफ कर दिया है।
