बलिया : बोर्ड बैठक को लेकर नामित सभासदों ने खोला मोर्चा, 14 को करेंगे सांकेतिक उपवास - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : बोर्ड बैठक को लेकर नामित सभासदों ने खोला मोर्चा, 14 को करेंगे सांकेतिक उपवास

     


    • एसडीएम से मिलकर दी आंदोलन की चेतावनी, 
    • बोले—बोर्ड बैठक नहीं होने से विकास कार्यों पर नहीं हो रही चर्चा

    बांसडीह,बलिया। नगर पंचायत बांसडीह में बोर्ड की बैठक नहीं बुलाए जाने से नाराज शासन से नामित सभासदों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। शुक्रवार को नामित सभासदों ने उपजिलाधिकारी बांसडीह पुष्कर मिश्रा से मुलाकात कर 14 सितंबर को सांकेतिक उपवास करने की जानकारी दी।

    नामित सभासदों का कहना है कि बोर्ड की बैठक बुलाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन को कई बार पत्रक देने के साथ स्थानीय जिला प्रशासन के माध्यम से भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक बैठक नहीं बुलाई गई। इससे नाराज सभासदों ने आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया है।

    नामित सभासद दुर्गेश कुमार मिश्रा और तेजबहादुर रावत ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन बोर्ड की बैठक कराने से बच रहा है। शासन से जारी योजनाओं के साथ नगर पंचायत के विकास कार्यों पर चर्चा जरूरी है। आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर पंचायत की तैयारियों और कार्ययोजना पर भी बोर्ड में चर्चा होनी चाहिए, लेकिन इस गंभीर विषय पर प्रशासन मौन है।

    भाजपा नेता एवं नगर पंचायत के पूर्व नामित सभासद प्रतुल कुमार ओझा ने कहा कि चेयरमैन आखिर बोर्ड की बैठक क्यों नहीं होने देना चाहते, यह समझ से परे है। उन्होंने दावा किया कि बोर्ड बैठक कराने के संबंध में नगर विकास मंत्री के निजी सचिव के साथ ही स्थानीय जिला प्रशासन की ओर से भी निर्देश दिए जा चुके हैं।

    एसडीएम से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में मूनजी गोंड, शिवम गुप्ता, अखिलेश सिंह, चंद्रमा गिरी और राज चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।