बलिया : हत्या के प्रयास में दो आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
- घटना में प्रयुक्त दांव बरामद, घोघाचट्टी से तड़के 3:15 बजे हुई गिरफ्तारी
बांसडीह, बलिया। बांसडीह पुलिस ने हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दांव भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को वादिनी की तहरीर पर थाना बांसडीह में मुकदमा संख्या 283/2026 धारा 109(1), 115(2) व 352 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी थी।
शनिवार तड़के मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक सूरज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घोघाचट्टी से सुबह करीब 3:15 बजे ममता राजभर (45) पत्नी मनोज राजभर और नागेश कुमार राजभर (20) पुत्र मनोज राजभर, निवासी सैदपुरा, थाना बांसडीह को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक दांव बरामद किया।
कार्रवाई एसपी ओमवीर सिंह के निर्देशन, एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण और सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरज पटेल, कांस्टेबल नारद साहनी, आनंद मोहन पटेल, हरिश्चन्द्र, गोविन्द कसौधन तथा महिला कांस्टेबल तृप्ति सिंह और पूजा गोंड शामिल रहीं।
