बलिया:बांसडीह में चोरों का आतंक जारी, लगातार हो रही घटनाओं से बढ़ी चिंता - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया:बांसडीह में चोरों का आतंक जारी, लगातार हो रही घटनाओं से बढ़ी चिंता

     

    दो मंजिले मकान के पीछे से चढ़े चोर, ताला तोड़कर लाखों का सामान व नकदी उड़ाई

    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शाहपुर गांव में शुक्रवार की देर रात चोरों ने एक दो मंजिले मकान को निशाना बनाया। मकान के पीछे के रास्ते से दूसरी मंजिल पर चढ़े चोर कमरे का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।



    शाहपुर गांव निवासी रमेश सिंह पुत्र हृदयनारायण सिंह ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई के चलते वह परिवार के साथ जिला मुख्यालय पर रहते हैं। उनके पैतृक मकान के निचले तल पर बुजुर्ग माता-पिता रहते हैं। शुक्रवार रात चोर मकान के पीछे से दूसरी मंजिल पर पहुंचे और कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।



    पीड़ित के अनुसार, बच्चों की छुट्टी होने पर शनिवार सुबह जब वह गांव स्थित घर पहुंचे तो दूसरी मंजिल के कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी, बॉक्स और ब्रीफकेस के ताले भी टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि चोर चार सोने की चेन, दो जोड़ी कान की बालियां, एक मंगलसूत्र, चांदी के तीन सेट बर्तन, कीमती साड़ियां, बच्चों के कपड़े, 80 हजार रुपये नकद और 32 इंच की एलईडी टीवी चोरी कर ले गए। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से लोगों में चिंता है। पीड़ित ने पुलिस से घटना की जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।