बलिया: साहब, भाई को छोड़ दीजिए, कल पिताजी का श्राद्ध है',
लड़की को मैसेज करने की शिकायत पर युवक हिरासत में, थाने पहुंचा परिवार
पिता का श्राद्ध होने की बात कहकर परिजनों ने युवक को छोड़ने की लगाई गुहार
बांसडीह (बलिया)। कस्बा क्षेत्र के देवढ़िया मौजे से पुलिस ने एक युवती को मैसेज भेजने की शिकायत के मामले में राहुल नामक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। युवक के परिजनों के अनुसार, सोमवार को उसके पिता का श्राद्ध होना है। युवक को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर उसका भाई जितेंद्र अपनी मां और बहन के साथ थाने पहुंचा और उसे छोड़ने की गुहार लगाई।
परिजनों के अनुसार, जितेंद्र हाथ में लोटा-लाठी लेकर मां और बहन के साथ थाने पहुंचा। आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। इसी दौरान थाना परिसर में राहुल के रोने और गिड़गिड़ाने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस संबंध में कस्बा चौकी प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि राहुल के खिलाफ एक लड़की को मैसेज भेजने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
