बलिया : बक्सर में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर बलिया में रूट डायवर्जन
- भारी और मालवाहक वाहनों का 22 सितंबर की मध्यरात्रि से 23 सितंबर रात आठ बजे तक बक्सर की ओर प्रवेश बंद
बलिया। बिहार के मुख्यमंत्री के 23 सितंबर को बक्सर जिले के बक्सर प्रखंड में संभावित भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए बलिया पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। अतिविशिष्ट एवं विशिष्ट महानुभावों के आवागमन के मद्देनजर फेफना, चितबड़ागांव और नरही थाना क्षेत्रों से बक्सर की ओर जाने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों का परिचालन 22 सितंबर की मध्यरात्रि से 23 सितंबर की रात आठ बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा।
बलिया पुलिस के अनुसार, ऐसे वाहनों के संचालन पर भी रोक रहेगी, जिनसे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।
फेफना तिराहा पर रोके जाएंगे वाहन
फेफना तिराहे से बक्सर की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को निर्धारित अवधि में रोका जाएगा। बैरिया, सिकंदरपुर या बांसडीह की ओर जाने वाले वाहनों को त्रिकालपुर तिराहा (गड़वार) से सुखपुरा-बांसडीह-सहतवार होते हुए आगे भेजा जाएगा।
चितबड़ागांव तिराहा से भी डायवर्जन
चितबड़ागांव की ओर से बक्सर जाने वाले भारी वाहनों को चितबड़ागांव तिराहे पर रोका जाएगा। बैरिया, सिकंदरपुर या बांसडीह जाने वाले वाहनों को फेफना तिराहा से त्रिकालपुर तिराहा (गड़वार), सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार के रास्ते भेजा जाएगा।
इन वाहनों को रहेगी छूट
बलिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर टेंडर, मेडिकल वाहन, डीजल-पेट्रोल के वाहन, गैस वाहन, आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहन तथा विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को डायवर्जन व्यवस्था से छूट रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में बक्सर की ओर यात्रा करने वाले भारी एवं मालवाहक वाहन चालक रूट डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।
— सोशल मीडिया सेल, बलिया पुलिस
