बलिया : बदहाल बिजली आपूर्ति के खिलाफ तहसील में धरना - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : बदहाल बिजली आपूर्ति के खिलाफ तहसील में धरना

     

    • बदहाल बिजली आपूर्ति के खिलाफ तहसील में धरना
    • सुखपुरा व देल्हुआ उपकेंद्रों को इब्राहिमपट्टी ट्रांसमिशन से जोड़ने की उठी मांग

     बांसडीह,बलिया।  बांसडीह क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े कस्बों व गांवों में बदहाल विद्युत आपूर्ति के विरोध में मंगलवार को पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्र को पत्रक सौंपकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

    READ ALSO - बलिया : बड़सरी में सजा कबड्डी का अखाड़ा, केवटलिया ने 18-15 से केवरा को हराकर जीता खिताब


    धरने को संबोधित करते हुए नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ ने कहा कि सुखपुरा, देल्हुआ, बांसडीह और सैदपुरा विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े फीडरों में आए दिन आपूर्ति बाधित रहती है। इससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की व्यवस्था के अनुसार जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील मुख्यालय पर 20 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जानी है, लेकिन सुखपुरा और देल्हुआ उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में कई बार 10 घंटे भी सुचारू बिजली नहीं मिल पा रही है।


    उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत करने पर मुख्य सप्लाई खराब होने की बात कहकर समस्या टाल दी जाती है। समिति ने सुखपुरा और देल्हुआ विद्युत उपकेंद्रों को इब्राहिमपट्टी पावर ट्रांसमिशन से सीधे जोड़ने की मांग की, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त और सुचारू विद्युत आपूर्ति हो सके। इसके साथ ही बिजली बिलों में गड़बड़ी तत्काल दूर करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का उचित समाधान कराने की मांग की गई।

    धरने में बबुआ सिंह, अमित यादव गोलू, चुनमुन यादव, आदित्य योगी, भरत यादव, पवन राजभर, नवीन सिंह, डम्पू सिंह, बंटी सिंह, वीरेंद्र यादव दूधिया, प्रभात मौर्य, आशीष सिंह, आदित्य सिंह भुवर, तेज प्रताप सिंह, रितेश पांडे, भीम सिंह, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।