बलिया :नहाने गए 22 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया :नहाने गए 22 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत


     

    1. इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम


    बांसडीह, बलिया। केवटालिया-देवडीह के बीच भेड़ी पुल पर शनिवार शाम नहाने गए 22 वर्षीय बंगाली राजभर उर्फ मंटू पुत्र सूरज राजभर की नदी में डूबने से मौत हो गई। शनिवार शाम से लापता युवक का शव रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पुल के दूसरे पाये के पास पानी में मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।


    बताया गया कि बंगाली शनिवार शाम करीब पांच बजे भेड़ी पुल पर नहाने गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के गोताखोर भुआली साहनी समेत अन्य लोगों ने नदी में तलाश शुरू की।

    रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पुल के दूसरे पाये के पास पानी में युवक का शव दिखाई दिया। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी भेज दिया।

    इकलौता बेटा था मंटू, परिवार पहले से झेल रहा दर्द

    बंगाली राजभर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। करीब चार वर्ष पहले उसकी मां की मौत हो चुकी है, जबकि छोटी बहन भी करीब तीन वर्ष पहले घर से लापता हो गई थी, जिसका अब तक पता नहीं चल सका है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। ऐसे में इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।