मिशन शक्ति 6.0: महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और अधिकारों के प्रति छात्राओं को किया जागरूक
- बांसडीह के द्वारिका प्रसाद सिन्हा महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, सीओ और कोतवाल ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
बांसडीह (बलिया)। मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत द्वारिका प्रसाद सिन्हा महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रजवारवीर बांसडीह में महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, उनके कानूनी अधिकारों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र, कोतवाल राकेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव, साइबर सेल प्रभारी संदीप कुमार तथा महिला आरक्षी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा के प्रति सजगता और अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने साइबर अपराधों से बचने, ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी समस्या या आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक अभिषेक आनंद सिन्हा और प्राचार्य डॉ. बद्रे आलम सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इनमें प्रवक्ता रत्नेश तिवारी (नन्हे), मनोज चतुर्वेदी, वेद प्रकाश सिंह, आलोक मिश्रा, रितेश सिंह, निक्की सिंह, अंकाक्षा शुक्ला, गौरव तिवारी, हिमांशु शेखर श्रीवास्तव, रमाशंकर यादव और लल्लन जी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
महाविद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




