बलिया : डांडिया नाइट को लेकर प्रशासन अलर्ट, विधायक ने एसडीएम-सीओ के साथ परखी व्यवस्थाएं
- डांडिया नाइट की तैयारियों का विधायक केतकी सिंह ने लिया जायजा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
- एसडीएम, सीओ और कोतवाल के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने में जुटा प्रशासन
बांसडीह (बलिया)। नवरात्र में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और युवतियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की विधायक केतकी सिंह की ओर से मंगलवार को आयोजित होने वाली डांडिया नाइट की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को विधायक केतकी सिंह ने उपजिलाधिकारी पुष्कर मिश्र, क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र और कोतवाल राकेश कुमार सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे वालंटियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाली महिलाओं और युवतियों की सुविधा तथा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
आयोजक मंडल के अनुसार, बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर डांडिया नाइट का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। इसे लेकर महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह है। नवरात्र के दौरान डांडिया जैसे पारंपरिक सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजक मंडल, वालंटियर और संबंधित कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हैं। आयोजकों का प्रयास है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल मिले, जिससे वे सांस्कृतिक आयोजन का आनंद उठा सकें।

