BALLIA NEWS : सप्तमी पर खुले मां दुर्गा के पट, आकर्षक झांकियों के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    BALLIA NEWS : सप्तमी पर खुले मां दुर्गा के पट, आकर्षक झांकियों के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु


    बांसडीह (बलिया)। शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर शनिवार की शाम बांसडीह कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए मां के पट खोल दिए गए। पट खुलते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और देर रात तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा।

    बड़ी बाजार स्थित श्री महावीरी झंडा एवं दुर्गा पूजा समिति की ओर से स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का अनावरण नगर पंचायत बांसडीह के पूर्व चेयरमैन स्व. नंदलाल सिंह एवं श्रीमती रेनू सिंह के भतीजे समाजसेवी युवराज सिंह ने किया।

    कस्बे में इस बार परंपरागत स्वरूप के साथ कई आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इनमें मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के साथ भगवान हनुमान सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।


    महिषासुर वध और रक्तबीज की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

    बड़ी बाजार स्थित श्री महावीरी झंडा एवं दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा द्वारा महिषासुर वध की आकर्षक झांकी सजाई गई है। इसके साथ भगवान गणेश, कार्तिकेय, मां सरस्वती, मां लक्ष्मी और हनुमान जी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

    नई बस्ती में नवयुवक बाल ज्योति संघ की ओर से मां दुर्गा द्वारा असुरराज महिषासुर वध की भव्य झांकी बनाई गई है। यहां हनुमान जी, भगवान गणेश, मां सरस्वती, मां लक्ष्मी, भैरव जी और बाबा केदारनाथ की झांकी भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। वहीं बड़ी बाजार के भारतीय युवक संघ की ओर से मां काली द्वारा रक्तबीज वध की झांकी सजाई गई है। प्रेम बाल ज्योति संघ ने मां दुर्गा के महिषासुर वध की झांकी के साथ हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की है। जनता बाल ज्योति संघ की ओर से हनुमान जी की झांकी सजाई गई है, जबकि बीएसी परिवार दुर्गा पूजा समिति ने माता रानी का भव्य दरबार तैयार किया है। यहां हनुमान जी सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। इसके अलावा बाबा भूतेश्वर नाथ मंदिर परिसर स्थित मां दुर्गेश्वरी भवानी मंदिर को भी भव्य रूप से सजाया गया है। पूरे कस्बे में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा.

    अष्टमी पर बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, पुलिस मुस्तैद

    सप्तमी की शाम पट खुलने के बाद पंडालों में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। रविवार को अष्टमी के अवसर पर दर्शन-पूजन के लिए भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुस्तैद है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में मां दुर्गा के दर्शन कर सकें।