बलिया : मातृभूमि योजना से प्राथमिक विद्यालय आदर को मिली स्मार्ट क्लास की सौगात
- बीएसए मनीष कुमार सिंह ने किया लोकार्पण, स्व. विष्णुदेव सिंह की स्मृति में पौत्र अभिषेक सिंह की पहल
बांसडीह (बलिया)। शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के प्राथमिक विद्यालय आदर में शनिवार को मातृभूमि योजना के अंतर्गत स्थापित स्व. विष्णुदेव सिंह स्मार्ट क्लास का लोकार्पण बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने विधि-विधान के साथ फीता काटकर किया। स्मार्ट क्लास की सुविधा मिलने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
आदर गांव निवासी स्व. विष्णुदेव सिंह सैनिक के रूप में देश की सेवा करने के साथ ही सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे। उनके निधन के बाद उनके पौत्र अभिषेक सिंह ने उनकी स्मृति को संजोने और गांव के बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की पहल करते हुए मातृभूमि योजना के तहत गांव के प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था कराई।
अभिषेक सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देना है।
इस अवसर पर बीएसए मनीष कुमार सिंह ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को शिक्षित करना बेहद आवश्यक है। डिजिटल संसाधनों के उपयोग से विद्यार्थियों की सीखने में रुचि बढ़ती है और उन्हें नई तकनीक से जुड़ने का अवसर मिलता है।
वहीं, आदर निवासी समाजसेवी निर्भय कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य ही समाज की असली पूंजी है। ग्रामीण विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के ऐसे प्रयास शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर धनंजय कौशिक,चंद्रभूषण सिंह,चंद्रप्रकाश शुक्ला,संजीत राजभर,अवनीश कौशिक,अभिजात सिंह,जगरनाथ सिंह,अमितेश सिंह,व्यास जी यादव,उपेंद्र यादव सुरेंद्र वर्मा,हरि यादव,बबुआ शुक्ला,मकसूदन गोंड आदि मौजूद रहे।

