बलिया : बांसडीह में कांग्रेस का विरोध मार्च, चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी
- मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
- बांसडीह ब्लाक से अंबेडकर तिराहा तक पैदल मार्च, सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ लगाए नारे
बांसडीह,बलिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांसडीह में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के कैंप कार्यालय से जुलूस निकाला और पैदल मार्च करते हुए रामदहिन ओझा की प्रतिमा, बांसडीह चौराहा होते हुए अंबेडकर तिराहा स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का निष्पक्ष और स्वतंत्र होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा शासनकाल में चुनाव आयोग जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर चिह्नित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। कहा कि किसी भी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित करना लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना के विपरीत है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में ब्लाक अध्यक्ष विनोद सिंह, सिद्धनाथ तिवारी, मुखिया पाण्डेय, संग्राम तिवारी, दीपक गुप्ता, शिवकुमार तिवारी, सत्येंद्र यादव, रजनीश पुरी, सुधीर पाण्डेय, छितेश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।
