बलिया : संगठन में मेहनत का मिला इनाम, अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ बने भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष
- अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ बने भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
- बड़सरी के पूर्व प्रधान को संगठन ने सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, बधाइयों का लगा तांता
बांसडीह (बलिया)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति से जारी सूची में बलिया जनपद से अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ को भाजपा किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
बांसडीह तहसील क्षेत्र के बड़सरी गांव निवासी अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके हैं। इसके अलावा वह दूरसंचार विभाग की सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री पद पर कार्यरत थे। छात्र जीवन से ही संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे अभिजीत तिवारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में बांसडीह तहसील प्रमुख, सह जिला प्रमुख जैसे दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। स्काउट एवं गाइड में उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और पूर्व के कार्यों को देखते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपे जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके जिलाध्यक्ष बनने से क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
मनोनयन पर अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसके प्रति वह पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे। पार्टी नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के साथ किसानों के हितों और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
