बलिया ::बांसडीह पीएचसी में मरीजों से अभद्रता की शिकायत पर जांच के आदेश - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया ::बांसडीह पीएचसी में मरीजों से अभद्रता की शिकायत पर जांच के आदेश

     


    • भाजपा नेता प्रतुल ओझा की शिकायत पर सीएमओ को निर्देश, एलटी पर कार्रवाई की मांग


    बांसडीह, बलिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पर आउटसोर्सिंग के तहत पीयूसीटी के माध्यम से एलटी पद पर कार्यरत अमरेंद्र यादव पर मरीजों के साथ अभद्रता करने और प्रदेश सरकार की छवि धूमिल करने के आरोपों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा की शिकायत पर अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आजमगढ़ मंडल ने मुख्य चिकित्साधिकारी बलिया को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।


    भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने आने वाले मरीजों के साथ संबंधित एलटी द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें स्थानीय लोगों और मरीजों की ओर से लगातार मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के व्यवहार से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

    ओझा के अनुसार, इस मामले से प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र भेजकर अवगत कराया गया था तथा संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक ने सीएमओ बलिया को जांच के निर्देश दिए हैं।

    भाजपा नेता ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।