बलिया ::दुर्गा पूजा मेले को लेकर पुलिस अलर्ट, सीओ ने दिए सतर्कता बरतने के निर्देश - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया ::दुर्गा पूजा मेले को लेकर पुलिस अलर्ट, सीओ ने दिए सतर्कता बरतने के निर्देश

     


    बांसडीह (बलिया)। आगामी दुर्गा पूजा और मेले को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार दोपहर बांसडीह कोतवाली में क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में उच्चाधिकारियों के निर्देशों से अवगत कराते हुए त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बरतने और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।



    सीओ जयशंकर मिश्र ने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा समितियों की ओर से आयोजन किए जा रहे हैं। इन आयोजनों को सकुशल संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें।

    उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान देर रात तक सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में पुलिसकर्मी देर रात तक संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मुस्तैद रहें। बड़ी बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर संभावित भीड़ को देखते हुए चोरी, उचक्कागिरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।

    क्षेत्राधिकारी ने बीट प्रभारियों, उपनिरीक्षकों और बीट आरक्षियों को महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर स्थिति की गंभीरता को समझते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि मामला बढ़ने से पहले ही उसे नियंत्रित किया जा सके।

    उन्होंने कोतवाली आने वाली महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में नियमित पैदल गश्त करने और आमजन को सुरक्षा का एहसास दिलाने के निर्देश दिए, ताकि नवरात्र और दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह चौकी प्रभारी सौरव श्रीवास्तव उप निरीक्षक अनूप कुमार सहित अन्य हल्का के बीट प्रभारी सहित सभी पुलिस फोर्स मौजूद रहे।