बलिया : केवरा बाजार में सड़क की पटरी से मिट्टी हटाने के बाद पसरी गंदगी, कीचड़ से दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं की बढ़ेगी परेशानी
- पंडाल तक जाने का मुख्य रास्ता बदहाल, स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के केवरा मुख्य बाजार में सड़क किनारे की पटरी से मिट्टी हटाकर अन्यत्र भेज दिए जाने के बाद वहां गंदगी, कीचड़ और गंदे पानी का जमावड़ा लग गया है। शारदीय नवरात्र में दुर्गा पूजा और मेले के आयोजन के बीच रास्ते की बदहाली से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है। इसके बावजूद सड़क की पटरी को दुरुस्त कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे की पटरी की मिट्टी हटाकर दूसरी जगह भेज दी गई, लेकिन उसके बाद रास्ते की उचित व्यवस्था नहीं की गई। परिणामस्वरूप वहां कीचड़ और गंदे पानी का जमाव हो गया है। दुर्गा पूजा पंडाल तक पहुंचने का यही एकमात्र रास्ता होने के कारण श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। गंदगी और कीचड़ से स्थानीय दुकानदार भी परेशान हैं।
स्थानीय निवासी श्रीप्रकाश तिवारी ने बताया कि शारदीय नवरात्र में यहां दुर्गा पूजा के साथ मेला भी लगता है। ऐसे में पंडाल तक जाने वाले रास्ते की बदहाली श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन से तत्काल मामले का संज्ञान लेने की मांग की।
क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित ठेकेदार और कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही सड़क किनारे की पटरी को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि त्योहार के समय श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन और स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है। अब देखना है कि प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए समय रहते रास्ते को दुरुस्त कराता है।
