बलिया : जिले के पुलिस मुखिया की हनक! दशहरा मेले में चोरी ई-रिक्शा का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार,बांसडीह के कबाड़ी के यहां बेचा गया था, पुलिस ने चेचिस समेत कई पुर्जे किए बरामद
- बलिया में चोरी के ई-रिक्शा को काटकर बांसडीह के कबाड़ी के यहां बेचा गया था,
- पुलिस ने चेचिस समेत कई पुर्जे किए बरामद
बलिया। जिले के पुलिस मुखिया की सख्ती के बीच कोतवाली पुलिस ने दशहरा मेले में चोरी हुए ई-रिक्शा की घटना का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बांसडीह थाना क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी स्थित कबाड़ी की दुकान से चोरी किए गए ई-रिक्शा की बॉडी, चेचिस और कई कटे हुए पुर्जे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, हरपुर पुरानी बस्ती निवासी विक्रम चौहान 20 अक्टूबर की शाम परिवार के साथ दशहरा मेला देखने रामलीला मैदान गए थे। उन्होंने अपना ई-रिक्शा मैदान के पीछे वाले गेट के पास खड़ा किया था। मेला घूमकर लौटने पर ई-रिक्शा गायब मिला। इस मामले में 28 अक्टूबर को कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 29 अक्टूबर की रात रेलवे स्टेशन के पास से नीरज बिन्द (23) निवासी बहेरी और बांसडीह क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी स्थित कबाड़ी दुकान से जुम्मन (50) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, नीरज ने चोरी के ई-रिक्शा को काटकर जुम्मन को बेच दिया था। पुलिस ने ई-रिक्शा की बॉडी, चेचिस, मोटर, सामने का शीशा, दो कटी छतरियां और पीछे का कटा स्टैंड बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित कोतवाली पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।

