बलिया : बुलेट की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : बुलेट की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

     

              मृतक किशोर द्वारिका की फाइल फोटो

    खाना लेकर डेरे पर जा रहा था द्वारिका, हादसे के बाद फरार हुआ अज्ञात बुलेट सवार


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के मैरिटार-नरायनपुर मार्ग पर मिश्रवलिया गांव के समीप बुधवार की शाम हुए सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात बुलेट सवार किशोर को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

    मृतक की पहचान मिश्रवलिया निवासी द्वारिका राजभर (14) पुत्र जनार्दन राजभर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बुधवार की शाम करीब छह बजे द्वारिका घर से खाना लेकर डेरे पर जा रहा था। इसी दौरान मिश्रवलिया गांव के समीप तेज रफ्तार बुलेट ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

    आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया।

    मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के लोग उन्हें संभालने में जुटे रहे। गुरुवार की सुबह किशोर के घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। ग्रामीणों ने फरार बुलेट सवार की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।