बलिया : फतेहसागर पोखरा पर तिवारी क्लब का दंगल, पहलवानों ने दिखाए दमखम
अनुज यादव और शत्रुघ्न ने अपने-अपने मुकाबले जीते, कई कुश्तियां बराबरी पर छूटीं
बांसडीह (बलिया)। कस्बे के उत्तर टोला स्थित फतेहसागर पोखरा के समीप गुरुवार को तिवारी क्लब की ओर से भव्य दंगल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता वीरेंद्र पाठक 'टुन्नजी' एवं विशिष्ट अतिथि राकेश मिश्रा ने गोरखपुर के सचिन पहलवान और मऊ के आशीष पहलवान का हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ किया। दोनों पहलवानों के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।
दंगल में आजमगढ़ के अनुज यादव ने मलप (बलिया) के योगेश को पटखनी देकर जीत हासिल की। वहीं मऊ के शत्रुघ्न पहलवान ने मलप के छोटू पहलवान को पराजित किया। अन्य मुकाबलों में जौनपुर के अंश और गाजीपुर के अमन, गाजीपुर के अमित लखरहवा और गोरखपुर के अमित यादव तथा गाजीपुर के नंदन और बनारस के आनंद के बीच कुश्ती बराबरी पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल तिवारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।मुख्य अतिथि वीरेंद्र पाठक ने कहा कि कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण खेल विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस दौरान अभिषेक आनंद, तरुण प्रकाश सिंह 'पप्पू', शैलेश सिंह, प्रतुल ओझा, मुन्नी गोंड, मिथिलेश तिवारी, अंजनी तिवारी, मनजी कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


