बलिया : त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर बलिया पुलिस अलर्ट, व्यापारियों के साथ बैठक; सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था पर जोर - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर बलिया पुलिस अलर्ट, व्यापारियों के साथ बैठक; सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था पर जोर

     

    साइबर अपराध से बचाव, जाम की समस्या और यातायात व्यवस्था पर भी हुई चर्चा, व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा

    बलिया। आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली, छठ, लक्ष्मी पूजा, स्नान पर्व और ददरी मेला को देखते हुए बलिया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा ने व्यापारी संगठनों और प्रमुख व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। इस दौरान व्यापारियों से सुझाव लेकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में आयोजित बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने व्यापारियों को दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने त्योहारों के दौरान आग से बचाव के लिए प्रत्येक दुकान में चालू हालत में अग्निशमन यंत्र रखने, पानी और रेत की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा बिजली के तारों की नियमित जांच कराने की सलाह दी।

    उन्होंने कहा कि दुकानों में बिजली की ओवरलोडिंग से बचें और रात में प्रतिष्ठान बंद करते समय मुख्य विद्युत स्विच बंद करना सुनिश्चित करें। पटाखों, गैस सिलेंडरों और अन्य ज्वलनशील पदार्थों को दीयों, खुली लपटों और हीटर से दूर सुरक्षित स्थान पर रखने की भी अपील की गई।

    साइबर अपराध और जाम की समस्या पर भी चर्चा

    बैठक में साइबर अपराध से बचाव, शहरी क्षेत्रों में जाम की समस्या और यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन पर भी विचार-विमर्श किया गया। व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को सुनकर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को सुरक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

    पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना या आग लगने की स्थिति में तत्काल 101, 112 अथवा सीयूजी नंबर 9454448626 पर सूचना देने की अपील की।

    बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात मंजरी राव, प्रभारी निरीक्षक यातायात मो. अनवर अली, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन राम बेलास, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।