बलिया : जनपद में 157 स्कूली वाहनों पर लगा ब्रेक, बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ी - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : जनपद में 157 स्कूली वाहनों पर लगा ब्रेक, बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ी

     



    बलिया। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने जनपद में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान खामियां मिलने पर 157 स्कूली वाहनों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। विभाग का कहना है कि इन वाहनों में फिटनेस, वैध दस्तावेज और जरूरी सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ था।

    परिवहन अधिकारी अरुण कुमार राय ने बताया कि जिन वाहनों के कागजात अधूरे हैं या तकनीकी स्थिति सही नहीं है, उनसे बच्चों का परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को ऐसे वाहनों से स्कूल न भेजें और वाहन की स्थिति की खुद भी जांच-परख करें।

    विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि वाहन चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए, वह नाबालिग न हो और नशे की हालत में वाहन न चला रहा हो। साथ ही वाहनों में खिड़कियों पर जाली, मजबूत फर्श और अन्य सुरक्षा इंतजाम होना अनिवार्य है।

    स्कूल प्रबंधन को भी चेतावनी दी गई है कि जब तक सभी मानक पूरे नहीं होते, तब तक इन वाहनों का इस्तेमाल न किया जाए। यदि नियमों की अनदेखी कर बच्चों का परिवहन किया गया और कोई हादसा होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के साथ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा और स्कूल की मान्यता रद्द करने की संस्तुति भी की जा सकती है।

    परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है, वहीं अभिभावकों ने इसे बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम बताया है।