बलिया :मनियर थाना प्रभारी का तबादला, अजय त्रिपाठी को मिली नई जिम्मेदारी
बलिया। मनियर क्षेत्र में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर मिली शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है।पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने मनियर थाना प्रभारी उप निरीक्षक कौशल कुमार पाठक का स्थानांतरण पुलिस लाइन कर दिया है।उनके स्थान पर वाचक पद पर तैनात उप निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी को मनियर थाने की कमान सौंपी गई है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व मनियर स्थित एक शराब की दुकान के सेल्समैन को मनियर पुलिस द्वारा पूरी रात थाने में बैठाए रखने का मामला सामने आया था। इसके साथ ही सरकारी आवंटित भांग की दुकान से अवैध तरीके से गांजा बेचे जाने की भी चर्चा रही।चर्चा है कि अवैध कारोबार से जुड़े व्यक्ति द्वारा हर माह ₹10,000 पुलिस को दिए जाने की बात भी सामने आई है। इन गंभीर आरोपों को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनियर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।
मामले को लेकर विभागीय जांच की भी चर्चा है, जिससे आगे और कार्रवाई संभव मानी जा रही है।नए थाना प्रभारी के रूप में अजय कुमार त्रिपाठी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की अपेक्षा की जा रही है।

